दिल्ली में गरजे कमलनाथ
भोपाल -दिल्ली में आयोजित भारत बचाओ महारैली में देशभर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विशाल सैलाब और मध्यप्रदेश से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ का खुशी के कारण ढाई सौ ग्राम खून बढ़ गया। यह बात उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए अपने भाषण में कही।
कमलनाथ जैसे ही संबोधित करने माइक पर पहुंचे तो पूरा रामलीला मैदान नारों और जयकारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था। लंबे समय बाद मप्र कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस की किसी बड़ी रैली को संबोधित कर रहा था। कमलनाथ ने अपने पांच मिनट के भाषण में केंद्र की मोदी सरकार को जमकर आढ़े हाथों लिया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदीजी भाजपा से जुड़ा एक भी व्यक्ति बताईए जिसने देश को आजाद करने लड़ाई लड़ी हो। देश को आजाद कराने वाली कांग्रेस को राष्ट्रवाद सीखाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा सरकार के हाथों देश असुरक्षित है। प्रधानमंत्री देश के मुद्दों की बजाए फर्जी राष्ट्रवाद में देश को उलझाए हुए हैं।