कार्यकर्ताओं के साथ जनरल बोगी से दिल्ली रवाना हुए मंत्री पीसी शर्मा
दिल्ली में आयोजित भारत बचाओ महारैली के लिए भोपाल से 10 हजार लोग रवाना

भोपाल। दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत बचाओ महारैली में शामिल होने मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ जनरल बोगी में बैठकर दिल्ली रवाना हुए। शाम 4 बजे हबीबगंज स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-3 से विशेष ट्रेन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर दिल्ली रवाना हुई। मंत्री और अध्यक्ष के कार्यकर्ताओं के साथ जाने से कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए पीसी शर्मा ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव पूर्ण व्यवहार कर संघीय ढांचे को नष्ट करने का प्रयास कर रही है। भाजपा विकास और आम आदमी से जुड़े मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से खोखला हो चुका है। अब भारत बचाने के लिए देश की जनता कांग्रेस की ओर आशा भरी नजर से देख रही है। शर्मा ने कहा कि 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित रैली केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने में मील का पत्थर साबित होगी।